गाजियाबाद : 13 / सितम्बर / 2026 : सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में 14 से 17 सितंबर 2026 तक भव्य दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव श्रद्धा, वैदिक परंपरा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान 14, 15 और 16 सितंबर को भगवान श्री गणेश का विशेष पूजन-अभिषेक, गणपति सहस्रनाम अर्चना, दूर्वा से पूजन, लड्डुओं का भोग और प्रसाद वितरण होगा। 17 सितंबर को भगवान श्री गणेश की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी।
प्रेस सम्मेलन में सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहन्त नारायण गिरि ने बताया कि भगवान श्री गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता तथा बुद्धि, विवेक, सिद्धि और शुभता के अधिष्ठाता हैं।

सनातन परंपरा में प्रत्येक मांगलिक और धार्मिक कार्य का शुभारंभ गणपति आराधना से करने की परंपरा है। उन्होंने बताया कि दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2011 में हुई थी और 2026 में यह अपने 16वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। पिछले वर्षों में श्रद्धालुओं की भागीदारी लगातार बढ़ी है और अब यह आयोजन दूधेश्वर नाथ मंदिर की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में शामिल हो चुका है।
श्रीमहन्त नारायण गिरि ने सार्वजनिक गणेशोत्सव के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने वर्ष 1893 में महाराष्ट्र में सार्वजनिक गणेशोत्सव को व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया था। उन्होंने गणेशोत्सव को समाज को संगठित करने, लोगों को एक मंच पर लाने और राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का माध्यम बनाया। गणपति महोत्सव की यह परंपरा आज भी सामाजिक एकता, संगठन, सेवा और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती है।

14 से 16 सितंबर तक प्रतिदिन भगवान श्री गणेश के एक हजार नामों के उच्चारण के साथ विशेष अभिषेक और विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। दूर्वा से विशेष पूजन-अर्चन के बाद भगवान गणपति को प्रतिदिन 2100 लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाएगा। श्री दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे।
श्रीमहन्त नारायण गिरि ने दूधेश्वर मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष अनुज धर्म गर्ग के योगदान का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके पिता का सपना था कि सिद्धपीठ दूधेश्वर नाथ मंदिर का विकास हो, इसकी धार्मिक प्रतिष्ठा बढ़े और यहां होने वाले धार्मिक आयोजनों को व्यापक स्वरूप मिले। अनुज धर्म गर्ग ने इस सपने को आगे बढ़ाते हुए मंदिर के विकास, धार्मिक आयोजनों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में निरंतर सहयोग दिया है। गणपति लड्डू महोत्सव को भव्य स्वरूप देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
महोत्सव की सेवा और व्यवस्थाओं में विजय मित्तल एवं श्रृंगार सेवा समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। समिति द्वारा पुष्प सज्जा, श्रद्धालुओं की सेवा और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाएं संभाली जाएंगी। मंदिर परिवार, स्वयंसेवक और सेवाभावी श्रद्धालु भी महोत्सव में अपनी सेवाएं देंगे।
अनुज धर्म गर्ग ने बताया कि 17 सितंबर को भगवान श्री गणेश के विधिवत पूजन और आरती के बाद विशाल शोभायात्रा सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा दिल्ली गेट, डासना गेट, रमते राम रोड, गंज अनाज मंडी, घंटाघर, चोपड़ा मंदिर, अग्रसेन बाजार और सिहानी गेट होते हुए मीनामल की धर्मशाला पहुंचेगी। यहां नगर की शोभायात्रा पूर्ण होगी।
इसके बाद भगवान श्री गणेश की यात्रा मेरठ रोड स्थित मनन धाम पहुंचेगी, जहां स्वागत और पूजन के साथ कुछ समय विश्राम होगा। इसके बाद यात्रा सिद्धपीठ काली मंदिर, मुरादनगर पहुंचेगी। यहां पूजन और विश्राम के बाद यात्रा मुरादनगर स्थित दूधेश्वर घाट के लिए रवाना होगी। घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश को पावन घाट पर विराजमान किया जाएगा।
शोभायात्रा में ढोल-नगाड़े, भजन-कीर्तन और गणपति बप्पा मोरया के जयघोष गूंजेंगे। मार्ग में श्रद्धालु भगवान गणपति का पुष्पवर्षा और आरती से स्वागत करेंगे।
श्रीमहन्त नारायण गिरि ने कहा कि दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव पिछले 16 वर्षों से भगवान गणपति की आराधना के साथ सनातन संस्कृति, सेवा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दे रहा है। उन्होंने कामना की कि भगवान श्री गणेश सभी भक्तों के विघ्न दूर करें और प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और सद्बुद्धि प्रदान करें।
मीडिया प्रभारी पिंटू सुथार ने बताया कि प्रेस वार्ता में महेश दास महाराज, बाबा लाल मंदिर एवं दिल्ली संत महामंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दूधेश्वर मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष अनुज धर्म गर्ग, विजय मित्तल सहित मंदिर एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालुओं से 14 से 17 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस पावन महोत्सव और शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया गया है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










