ककोड़ :16 / सितम्बर / 2026 : ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सुनपेड़ा निवासी आनंद पुत्र बिन्नामी सिंह ने गांव के ही कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने परिजनों के साथ एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने मामले में ककोड़ पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पीड़ित के अनुसार वह नोएडा में नौकरी करता है और रोजाना नोएडा से अपने गांव आता-जाता है। आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से गांव के ही चार-पांच लोग उसके और उसके बच्चों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर रहे हैं। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

आनंद का कहना है कि 14 सितंबर को भी आरोपी उसके घर में घुस आए और परिवार के साथ मारपीट की। घटना की सूचना 112 नंबर पर पुलिस को देने के साथ ही ककोड़ थाने में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
पीड़ित के मुताबिक 16 सितंबर की सुबह एक बार फिर आरोपी उसके घर में घुस आए और मारपीट की। घटना के संबंध में घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मौजूद होने की बात कही गई है। मारपीट से जुड़ी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी जानकारी सामने आई है।

लगातार घटनाओं से परेशान पीड़ित बुधवार को अपने परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा। मामले में एसएसपी ने ककोड़ पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








