हाथरस : 17 / सितम्बर / 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत हाथरस में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। प्रभारी मंत्री एवं महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने जिला महिला अस्पताल में 7 बेड के नवीन वार्ड का फीता काटकर उद्घाटन किया।

मंत्री ने वार्ड में भर्ती महिलाओं को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। नवीन वार्ड में सीजेरियन ऑपरेशन के बाद उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की देखभाल एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि जनपद में प्रतिमाह करीब 400 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित किया जाता है। नवीन वार्ड शुरू होने के बाद जिला महिला अस्पताल में सीजेरियन ऑपरेशन की क्षमता बढ़कर करीब 100 प्रतिमाह होने की उम्मीद है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने जनपद में एक स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं एक निश्चेतक की तैनाती का अनुरोध मंत्री से किया।
इसके बाद प्रभारी मंत्री ने बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में 50 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था, जबकि उद्घाटन तक 12 लोगों ने रक्तदान कर दिया था। अधिकारियों ने बताया कि ब्लड बैंक में 825 यूनिट रक्त सुरक्षित रखने की क्षमता है।

प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल में नवनिर्मित आधुनिक इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया। पूर्व में इमरजेंसी में 6 बेड की व्यवस्था थी, जिसे बढ़ाकर अब 18 बेड कर दिया गया है। मेडिकल स्टाफ के लिए अलग कक्ष की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मंत्री ने भर्ती मरीजों से उनका हालचाल जाना और उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश, सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश, डॉ. दिनेश एम. सक्सेना सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








