जहांगीराबाद : 19 / सितम्बर / 2026 : जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव अंधियार में एक विवाहिता ने अपने पति पर मारपीट करने, गला घोंटकर हत्या का प्रयास करने और पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार घटना के दौरान उसके गले पर ब्लेड से भी हमला किया गया। किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर उसने घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई।

पीड़िता का आरोप है कि उसका पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। आरोप है कि घटना के दौरान पहले उसका गला घोंटकर हत्या करने का प्रयास किया गया। इसके बाद पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की गई। पीड़िता ने किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी।
घटना के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची। उसके भाई ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि पीड़िता की ओर से शिकायत मिली है। उसका मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










