15 अक्टूबर से शुरू होगा शिविर, 25 अक्टूबर को होगा समापन; राजेंद्र अग्रवाल ‘मिट्टी वाले’ को मिली संयोजक की जिम्मेदारी
खुर्जा: 21 / सितम्बर / 2026 : सेवा समिति (पंजीकृत), खुर्जा की कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को मालवीय भवन, चंद्रलोक कॉलोनी में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एडवोकेट जितेंद्र बंसल ने की, जबकि संचालन समिति के सचिव प्रदर्शन भारद्वाज ने किया।

बैठक में आगामी श्री रामलीला महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सेवा शिविर की व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से तय किया गया कि सेवा शिविर 15 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 25 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
शिविर के सफल संचालन के लिए राजेंद्र अग्रवाल ‘मिट्टी वाले’ को संयोजक नियुक्त किया गया, जबकि प्रियदर्शन को शिविर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने और सेवा कार्यों को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाने की बात कही।

समिति अध्यक्ष महेश भार्गव ने बताया कि रामलीला के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन के लिए जल सेवा के साथ ही खोए हुए बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने की व्यवस्था भी समिति द्वारा की जाती है। इस कार्य में स्काउट दल का सहयोग लिया जाता है, जिसका आवश्यक खर्च समिति द्वारा वहन किया जाता है।

बैठक में लाल बहादुर सक्सेना ने बताया कि 23 अक्टूबर को रामलीला सेवा शिविर में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भी सदस्यों के साथ चर्चा की गई।
कार्यकारिणी सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में सेवा कार्यों में अधिक से अधिक सहभागिता करने और रामलीला में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










