सिकंदराबाद : 22 / सितम्बर / 2026 : राष्ट्रीय सैनिक संस्था के 19वें राष्ट्रीय अधिवेशन का द्वितीय सत्र मिलिट्री कॉलेज ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग (MCEME) के ऑडिटोरियम, सिकंदराबाद, तेलंगाना में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए 23 प्रदेशों के प्रतिनिधियों सहित करीब 400 डेलीगेट्स ने भाग लिया।
द्वितीय सत्र के मुख्य अतिथि तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल जी. श्रीनिवास राव ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए देश के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी और उसके स्वाभिमान की रक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति को केवल जीडीपी के आंकड़ों से नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों के विकास से भी जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास के साथ प्रकृति का संतुलन बनाए रखना भी आवश्यक है।

राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर चक्र प्राप्त कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने घरेलू कामगारों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए बताया कि संस्था ने घरेलू कामगारों के लिए ‘घरेलू कामगार समिति’ का पंजीकरण कराया है। उन्होंने 8 घंटे की ड्यूटी के लिए घरेलू कामगारों को कम से कम 17 हजार रुपये प्रतिमाह भुगतान किए जाने की मांग रखी।
संस्था के सचिव राजेंद्र बगासी ने मजदूरों की समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लगभग हर शहर में ऐसे स्थान हैं, जहां मजदूर सुबह से ही दिहाड़ी के लिए एकत्र होते हैं। उन्होंने कहा कि इन लेबर अड्डों पर पीने का पानी, मोबाइल टॉयलेट और अस्थायी शेल्टर जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना विकसित भारत 2047 की कल्पना अधूरी है। विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए।

तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष मेजर जनरल एन. श्रीनिवास राव ने मानसिक एवं पर्यावरणीय प्रदूषण को कम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मानसिक प्रदूषण दूर करने के लिए संस्कार जरूरी हैं, जबकि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से इंटरनेट के साथ ‘इनरनेट’ यानी आत्मचिंतन पर भी ध्यान देने का आह्वान किया।
अधिवेशन में सेवानिवृत्त पूर्व आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल के. सुरेंद्र नाथ, डॉ. निशिता दीक्षित, दक्षिण भारत महिला विंग की अध्यक्ष अनुराधा राव, मेजर जनरल एम.एल. असवाल, लेफ्टिनेंट जनरल रवि प्रसाद, पब्लिक पॉलिसी एक्सपर्ट करुणा गोपाल, हर्षवर्धन राठौर, कर्नल नील कुमार कोनसम, एयर वाइस मार्शल डी.के. अवस्थी सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर गौरव सेनानी चंदन सिंह (गाजियाबाद), ज्ञानेंद्र त्यागी (हापुड़), कैप्टन के.पी. सिंह (मुजफ्फरनगर), ब्रिजेश त्यागी (रुड़की), कृष्णा रेड्डी (तेलंगाना) और प्रियांशु कुमार को उत्कृष्ट देशभक्ति पदक से सम्मानित किया गया।
अधिवेशन के अंत में कर्नल महेंद्र कुमार त्यागी ने 19वें राष्ट्रीय अधिवेशन का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उपस्थित डेलीगेट्स ने संकल्प लिया कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को प्राथमिकता दिलाने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास किए जाएंगे और इस अभियान को ‘जय हिंद’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










