Home » बुलंदशहर » भोलेनाथ की प्रतिमा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम का विरोध, लोगों के आक्रोश के बाद बिना कार्रवाई लौटी

भोलेनाथ की प्रतिमा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम का विरोध, लोगों के आक्रोश के बाद बिना कार्रवाई लौटी

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

शिकारपुर  : 25 / सितम्बर / 2026 :   शिकारपुर नगर के मोहल्ला मुफ्तीवाड़ा स्थित दौज वाली पोखर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ समय पहले पोखर से निकली भगवान शिव की शिवलिंग को हटाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।

प्रतिमा हटाने की कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष और हिंदूवादी कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और प्रशासन की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। विरोध के चलते प्रशासनिक टीम बिना कार्रवाई किए वापस लौट गई।

जानकारी के अनुसार, कुछ समय पूर्व मोहल्ले की दौज वाली पोखर से भगवान शिव की शिवलिंग मिलने की बात सामने आई थी। इसके बाद स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा मौके पर पूजा-अर्चना शुरू कर दी गई। देखते ही देखते यह स्थान श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया। यहां कई दिनों तक भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।

बताया गया कि पूजा-अर्चना के बीच नायब तहसीलदार, नगर पालिका ईओ, हल्का लेखपाल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासनिक टीम द्वारा शिवलिंग को वहां से हटाकर किसी अन्य मंदिर में स्थापित करने का प्रस्ताव रखे जाने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

मौके पर हिंदूवादी नेता शिवम शिकारपुरिया भी समर्थकों के साथ पहुंच गए। उन्होंने शिवलिंग को हटाने का विरोध करते हुए कहा कि भोलेनाथ की शिवलिंग को इसी स्थान पर रहने दिया जाए। इस दौरान अधिकारियों और हिंदूवादी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

शिवलिंग हटाए जाने की बात पर मौके पर मौजूद कई महिलाओं ने भी विरोध जताया। लोगों का कहना था कि शिवलिंग उनके लिए आस्था का विषय है और इसे हटाया नहीं जाना चाहिए। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

माहौल की संवेदनशीलता और लोगों के विरोध को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके से वापस लौटने का निर्णय लिया। टीम बिना कोई कार्रवाई किए लौट गई। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है और पुलिस-प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment