खुर्जा, बुलंदशहर : 30 / सितम्बर / 2026 : एकेपी डिग्री कॉलेज, खुर्जा में बुधवार, 30 सितंबर को ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) द्वारा करियर काउंसलिंग संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
‘सपनों को दिशा: बुलंदशहर के युवाओं की नई उड़ान’ विषय पर आधारित इस संगोष्ठी में छात्राओं को रोजगार के विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम अधिकारी प्रो. रेखा चौधरी ने संगोष्ठी के विषय की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य छात्राओं को करियर के नए विकल्पों से परिचित कराना है।

वहीं, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनु आर्या ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और मशीनीकरण के दौर में बेरोजगारी एक गंभीर समस्या बन गई है। ऐसे में युवाओं को भविष्य में रोजगार के अवसर तलाशने और अपने कौशल के अनुसार करियर चुनने के लिए जागरूक करना आवश्यक है।
संगोष्ठी की मुख्य वक्ता महाविद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका नीलू सिंह ने छात्राओं को विभिन्न विषयों के आधार पर रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मनोविज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाया जा सकता है, जबकि शारीरिक शिक्षा से जुड़ी छात्राएं योग सहित अन्य क्षेत्रों में अवसर तलाश सकती हैं।

गृह विज्ञान की छात्राएं न्यूट्रिशन और डाइटीशियन के क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। वहीं, हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत की छात्राएं लेखन, ड्राफ्टिंग और अनुवाद जैसे क्षेत्रों में अपना भविष्य बना सकती हैं।
उन्होंने छात्राओं को व्यक्तित्व विकास, मनोनियंत्रण और तनावपूर्ण जीवन में स्वयं को सुरक्षित रखने के साथ ही दूसरों की सहायता करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने सहभागिता करते हुए करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








