शिकारपुर : 5 / अक्टूबर / 2026 : शिकारपुर एसडीएम प्रतीक्षा पांडेय के निर्देश और खंड शिक्षा अधिकारी अमन गुप्ता के नेतृत्व में विकासखंड के सभी परिषदीय विद्यालयों द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को खेतों में पराली, धान आदि के अवशेष न जलाने तथा उनके वैज्ञानिक एवं उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक करना था।
अभियान के दौरान शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने गांवों में जागरूकता रैलियां निकालीं और चौपालों के माध्यम से किसानों से सीधा संवाद किया।

किसानों को बताया गया कि पराली जलाने से न केवल भूमि की उर्वरक शक्ति प्रभावित होती है, बल्कि पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
कृषकों को पराली जलाने के बजाय रोटावेटर, सुपर सीडर और हैप्पी सीडर जैसे कृषि यंत्रों का उपयोग करने तथा पराली को सड़ाकर जैविक खाद बनाने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, संकुल शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
खंड शिक्षा अधिकारी अमन गुप्ता ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जन-जागरूकता बेहद जरूरी है। इस प्रकार के अभियानों से किसानों में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और वे पर्यावरण संरक्षण के प्रति अधिक सजग हो रहे हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










