अयोध्या : 6 / अक्टूबर / 2026 : अयोध्या जनपद में मिल्कीपुर क्षेत्र के अमानीगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत पूरा उर्फ सुमेरपुर में आयोजित कार्यक्रम रविवार को राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से चर्चा का विषय बन गया।

नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र के उद्घाटन के अवसर पर पहुंचे मिल्कीपुर के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ का ग्रामीणों और समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर उन्हें मालाओं से लाद दिया गया और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उनके समर्थन में नारे लगाए। कार्यक्रम के दौरान बाबा गोरखनाथ ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि वह जनता का आशीर्वाद लेने निकले हैं और “मिल्कीपुर हासिल होने तक यह रथ नहीं रुकेगा।” अपने संबोधन में उन्होंने भावुक अंदाज में शायरी पढ़ते हुए कहा, “ज़हर पी लूंगा और मर जाऊंगा, इसी मिल्कीपुर के लिए।” उनके इस बयान पर समर्थकों ने तालियों के साथ जोरदार समर्थन जताया।

पूर्व विधायक ने अपने भाषण में एक बार फिर अपनी कुंडली का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों को वह अपना मानते हैं, उनके लिए हर संभव संघर्ष करने को तैयार हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनता के सम्मान को अपनी प्राथमिकता बताते हुए आगामी चुनाव में समर्थन की अपील भी की।
हालांकि कार्यक्रम में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र के उद्घाटन की तैयारी थी, लेकिन एमएलसी चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण औपचारिक उद्घाटन कार्यक्रम नहीं किया गया। इसके बावजूद आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नेता शामिल हुए। अपने संबोधन में बाबा गोरखनाथ ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और महिलाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
इन केंद्रों के जरिए बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलती हैं, जिससे उनके भविष्य की मजबूत नींव तैयार होती है। उन्होंने ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार ही वास्तविक विकास का आधार है। ग्राम प्रधान आदर्श श्रीवास्तव ने कहा कि गांव के बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विनय सिंह ‘टुनटुन’, देवेंद्र मणि त्रिपाठी, सुशील मिश्रा, पवन पांडेय, राहुल सिंह, राजेश सिंह, शंभु सिंह, कृष्ण केवल मिश्रा समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभा में कई वक्ताओं ने बाबा गोरखनाथ को फिर से विधायक बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान समर्थकों के उत्साह और 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही चर्चाओं ने यह संकेत दिया कि सुमेरपुर की यह सभा राजनीतिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










