शिकारपुर : 7 / अक्टूबर / 2026 : अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सामने आई गंभीर घटनाओं के बाद एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी वरुण कुमार शर्मा को एक बार फिर लाइन हाजिर कर दिया है। एक साल के भीतर दूसरी बार हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
हाल ही में क्षेत्र में हुई दो गंभीर घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए थे। पहली घटना में मारपीट के दौरान घायल हुए 27 वर्षीय सोनू की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी थी। वहीं, दूसरी घटना में बुजुर्ग दंपती और उनके बेटों को घर में बंधक बनाकर मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

इन घटनाओं के बाद पुलिस की कार्यशैली और अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया। इसी क्रम में एसएसपी ने थाना प्रभारी वरुण कुमार शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी थाना प्रभारी को जनप्रतिनिधि की अनदेखी के मामले में कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। आरोप था कि उन्होंने सदर विधायक प्रदीप चौधरी का फोन नहीं उठाया था। अब एक साल के भीतर दूसरी बार लाइन हाजिर किए जाने से उनकी कार्यशैली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में स्पष्ट संदेश गया है कि कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










