अयोध्या : 7 / अक्टूबर / 2026 : रुदौली सर्किल के मॉडर्न थाना बाबा बाजार के प्रभारी शैलेंद्र कुमार आजाद ने थाना प्रभारी के रूप में दो वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है। उन्होंने 3 अक्टूबर 2024 को शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन तत्कालीन थाना प्रभारी राजेश सिंह से कार्यभार ग्रहण किया था।
दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, शांति और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ फरियादियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कार्य किया।

आगामी 11 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्र के दौरान इस बार तीसरी बार नवदुर्गा पूजा, श्रीरामलीला मंचन, दशहरा मेला और गोमती नदी के तट पर सिद्ध पुरुष बाबा संतोष भारती के मठ पर लगने वाले अमौनी मेले की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी भी थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार आजाद के नेतृत्व में रहेगी।
बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालना उनके लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दो वर्ष के कार्यकाल में होली, चैत्र नवरात्र, श्रीराम नवमी मेला, कार्तिक पूर्णिमा, दशहरा मेला, ईद, बकरीद, मां कामाख्या भवानी धाम मेला, अमौनी धाम मेला, दुर्गा पूजा, मूर्ति विसर्जन और दीपावली सहित कई छोटे-बड़े धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए गए।
उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के दौरान विभागीय अधिकारियों के दिशा-निर्देशन के साथ क्षेत्र की जनता, प्रबुद्धजनों और बुद्धिजीवी वर्ग का सहयोग भी लगातार मिलता रहा।
शैलेंद्र कुमार आजाद ने कहा कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना तथा पीड़ित, मजलूम और फरियादियों की समस्याओं का वैधानिक प्रक्रिया के तहत निस्तारण कराना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने दो वर्ष तक बाबा बाजार थाने की जिम्मेदारी मिलने को अपने लिए गौरव और सौभाग्य की बात बताते हुए विभागीय अधिकारियों और क्षेत्रवासियों के सहयोग के प्रति आभार जताया।
उनकी कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा, सौम्यता और फरियादियों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा भी समय-समय पर सराहना की जाती रही है। आगामी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










