Home » बुलंदशहर » बेलोन के पास सिलेंडर लदे ट्रक से भिड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 15 श्रद्धालु घायल; युवती अलीगढ़ रेफर

बेलोन के पास सिलेंडर लदे ट्रक से भिड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 15 श्रद्धालु घायल; युवती अलीगढ़ रेफर

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बुलंदशहर  : 11 / अक्टूबर / 2026 :    डिबाई क्षेत्र में बेलोन के पास देर रात श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और सिलेंडर लदे ट्रक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में करीब 15 लोग घायल हो गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली में महिलाएं, युवतियां और बच्चे भी सवार थे।

टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डिबाई पहुंचाया गया। गंभीर हालत में एक युवती को अलीगढ़ रेफर किया गया।

मंदिर के लिए माता की ज्योत लेने जा रहे थे ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव सियारली के करीब 30 से 35 ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर बेलोन स्थित मंदिर से माता की ज्योत लेने जा रहे थे। ग्रामीण शाम करीब 5:30 बजे गांव से निकले थे। इसी दौरान बेलोन के पास सामने से आ रहे सिलेंडर लदे ट्रक से उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

हादसे में घायल अभिषेक ने बताया कि बेलोन के पास सामने से सिलेंडर लदा ट्रक आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद उन्हें कुछ समझ नहीं आया। होश आने पर एंबुलेंस दिखाई दी, जिसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने अस्पताल पहुंचाए घायल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के वाहनों, डायल-112 और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी डिबाई पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रेफर किया गया।

डिबाई सीओ मधुप कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अंजू पुत्री सूरजपाल, उम्र करीब 20 वर्ष, की हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर किया गया। खबर लिखे जाने तक घायलों का उपचार जारी था।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment