चोला : 12 / अक्टूबर / 2026 : चोला थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज मुकदमे में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब 10 महीने से फरार था और उसकी तलाश की जा रही थी।
चोला थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि 15 जनवरी 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 8/2026 के तहत धारा 420, 323, 504, 467, 471 और 120बी में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पवन पुत्र नारायण निवासी ग्राम फलैदा बांगर, थाना रबूपुरा, जिला गौतमबुद्ध नगर फरार चल रहा था।

थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस चोला रेलवे स्टेशन के फ्लाईओवर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। आरोप है कि उसने पुलिस को अपना नाम और पता गलत बताया। पुलिस ने जानकारी जुटाई तो उसकी पहचान पवन पुत्र नारायण के रूप में हुई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर करीब आठ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










