बुलंदशहर : 22 / नवंबर / 2026 : बुलंदशहर कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला अवंती नगर भूड़ में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पड़ोस में किराये पर रहने वाली सोनम ने बच्ची को कमरे में बुलाकर मुंह दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। बेटी से बिछड़ने के बाद महिला मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।
बंद कमरे में मिला बच्ची का शव
21 नवंबर को डायल-112 से बच्ची के लापता होने की सूचना मिली। एसएसपी के निर्देश पर कई थाना प्रभारियों, स्वाट और सर्विलांस टीम को तलाश में लगाया गया। सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद पुलिस ने आसपास के घरों में तलाश की। बच्ची के घर से करीब 40 मीटर दूर सोनम का कमरा बंद मिला। ताला तोड़कर देखा तो बच्ची का शव अंदर पड़ा था।

बेटी से बिछड़ने के बाद परेशान थी महिला
सोनम की शादी वर्ष 2015 में दिनेश पुत्र महेंद्र सिंह निवासी ग्राम मयाना, थाना जेवर, जनपद गौतमबुद्धनगर के साथ हुई थी। पारिवारिक मतभेद के चलते डेढ़-दो वर्ष बाद दोनों अलग हो गए। दिनेश ने दूसरी शादी कर ली और वर्तमान में दिल्ली में रहता है। सोनम की आठ वर्षीय बेटी भी पिता के पास चली गई थी। बेटी से बिछड़ने के बाद सोनम मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।
बच्ची को कमरे में बुलाकर की हत्या
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजय ने बताया कि कुछ दिन पहले सोनम ने मायके ग्राम धतूरी में अपनी बेटी को छत से फेंक दिया था, जिससे बच्ची चोटिल हो गई। इलाज के बाद उसकी मां ने बच्ची को पिता दिनेश के सुपुर्द कर दिया, जो उसे दिल्ली ले गया। बेटी से बिछड़ने की पीड़ा में सोनम परेशान रहने लगी थी। वह नशा भी करती थी और तंत्र-मंत्र की ओर झुकाव रखती थी, हालांकि उसे तंत्र-मंत्र की जानकारी नहीं थी। इसी मनोस्थिति में उसने पड़ोस की तीन वर्षीय बच्ची को कमरे में बुलाकर मुंह दबाकर हत्या कर दी।
शव ठिकाने लगाने की थी मंशा
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजय ने बताया कि पुलिस को देखकर सोनम कमरे में ताला लगाकर फरार हो गई थी। उसकी मंशा रात में किसी समय कमरे पर लौटकर बच्ची के शव को कहीं फेंकने की थी। पुलिस ने आरोपी सोनम पत्नी दिनेश निवासी ग्राम धतूरी, थाना सलेमपुर, जनपद बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
किरायेदारों के सत्यापन में तेजी के निर्देश
एसएसपी के आदेश पर जिले में किरायेदारों के सत्यापन का अभियान चल रहा है। चौकी, हल्का और बीट स्तर पर रजिस्टर बनाए गए हैं। दो सप्ताह में अभियान पूरा करने के निर्देश दिए गए थे, जिसे शीघ्र पूरा करने के लिए कहा गया है। पुलिस ने मकान मालिकों से किरायेदारों की सूचना नजदीकी चौकी या थाने में देकर सत्यापन कराने में सहयोग की अपील की है। किरायेदार द्वारा घटना कारित किए जाने पर मकान मालिक की लापरवाही की भी जांच की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










