शिकारपुर : 22 / नवंबर / 2026 : शिकारपुर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी के संस्थापक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर में दो अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन कर नेताजी अमर रहें के नारों के साथ उन्हें नमन किया गया।
नगर के मोहल्ला गंज सादात स्थित सपा के जिला उपाध्यक्ष एवं सभासद सुहेल उर्फ बिट्टू ठाकुर के आवास पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सभा को संबोधित करते हुए सपा नेता महेन्द्र वाल्मीकि ने कहा कि आदर्श पिता बनना हो तो मुलायम सिंह यादव जैसा और आदर्श पुत्र बनना हो तो अखिलेश यादव जैसा बनना चाहिए। वहीं जिला उपाध्यक्ष सुहेल उर्फ बिट्टू ठाकुर ने वर्तमान व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में समाज का हर वर्ग और विशेष रूप से रेहड़ी-पटरी व ठेली लगाने वाले गरीब लोग खुशहाल थे, जबकि मौजूदा दौर में आम आदमी और छोटे दुकानदार सबसे अधिक परेशान हैं।
दूसरी ओर नगर की जहांगीराबाद चुंगी के निकट स्थित किसान भवन पर सपा के संभावित विधायक प्रत्याशी पिन्टू चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नेताजी की जयंती मनाई। इस दौरान उनकी आत्मा की शांति और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हवन-यज्ञ किया गया। हवन के पश्चात सभी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन धारण कर धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










