Home » गाजियाबाद » रक्तदान से बढ़कर कोई सेवा नहीं, हर स्वस्थ युवा को आगे आना चाहिए: विनीत त्यागी

रक्तदान से बढ़कर कोई सेवा नहीं, हर स्वस्थ युवा को आगे आना चाहिए: विनीत त्यागी

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद  : 22 / नवंबर / 2026 :   मोरटा स्थित निलाया ग्रीन्स सोसायटी में गुरुनानक जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर निलाया युवा मंच की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर ने सामाजिक सेवा और मानवता की मिसाल पेश की। सोसायटी के क्लब हाउस में आयोजित इस शिविर में 50 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के संकल्प को मजबूत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गाजियाबाद जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी विनीत त्यागी ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे किसी अनजान व्यक्ति को जीवनदान मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि हर स्वस्थ युवा को इस अभियान से जुड़ना चाहिए। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की उम्मीद बन सकती है। विनीत त्यागी ने निलाया ग्रीन्स सोसायटी के निवासियों की सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए भरोसा दिलाया कि सोसायटी की जनसमस्याओं और आवश्यक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में वह हर संभव सहयोग करेंगे।

शिविर में आशीष और सतीश सिंह कमांडो ने सबसे पहले रक्तदान कर दूसरों को प्रेरित किया। लाइफ लाइन चैरिटेबल ब्लड बैंक की टीम ने डॉ. एच.एल. शर्मा के निर्देशन और तकनीकी पर्यवेक्षक निशा रानी के नेतृत्व में रक्त संग्रह का कार्य किया। टीम में योगेश पाल, अजीत कुशवाहा, अनुराधा और सर्वेश शामिल रहे।

शिविर में रक्तदान के साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। दर्जनों लोगों ने हीमोग्लोबिन और रक्त समूह की जांच कराई। आयोजन को सफल बनाने में निलाया युवा मंच के सोनू चोपड़ा, सोमेश श्रीवास्तव, विवेक अरोड़ा, मनीष, सतीश शिवहरे, सुशील प्रजापति, विकास शर्मा और दिनेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महिलाओं में रीना, मोनिका और मंजू ने व्यवस्थाओं से लेकर प्रचार-प्रसार तक सराहनीय योगदान दिया। वरिष्ठ नागरिक मंच के संरक्षक सुरेन्द्र नाथ दास और संयोजक सत्येन्द्र श्रीवास्तव का भी विशेष सहयोग रहा। मंच के सदस्यों ने सभी रक्तदाताओं, मेडिकल टीम और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment