गाजियाबाद : 13 / मार्च / 2026 : गाजियाबाद में प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर का परिसर गुरुवार को भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा, जब उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह द्वारा मंदिर परिसर में प्रस्तावित दूधेश्वरनाथ कॉरिडोर का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साधु-संत, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में गाजियाबाद के कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इनमें गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग, विभिन्न विधानसभाओं के विधायक संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी और मंजू शिवाच सहित भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल भी मौजूद रहे।
इसके अलावा धार्मिक परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हुए महंत श्री नारायण गिरी जी महाराज, महंत श्री रमेशानंद गिरि जी महाराज तथा महंत गिरीशानंद जी महाराज समेत अन्य संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिले के सभी भाजपा मंडल अध्यक्ष, भाजपा उपाध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ता तथा अनेक गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
इस दौरान गाजियाबाद पुलिस और प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभाला गया। पुलिस प्रशासन की सतर्क व्यवस्था के कारण कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मंदिरों और धार्मिक स्थलों के पुनर्विकास का जो कार्य हुआ है, वह पहले किसी सरकार में नहीं हुआ।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर सहित प्रदेश के कई धार्मिक और पर्यटन स्थलों का व्यापक विकास भाजपा सरकार के कार्यकाल में संभव हुआ है।

पर्यटन मंत्री ने गाजियाबाद में आने वाले समय में होने वाले विकास कार्यों की भी जानकारी दी और बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मथुरा में पर्यटन विभाग के माध्यम से जल्द ही आस्था से जुड़ा एक अद्भुत पर्यटन स्थल विकसित किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
दूधेश्वरनाथ कॉरिडोर के शिलान्यास के साथ ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। लोगों का मानना है कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद मंदिर परिसर की भव्यता बढ़ेगी और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












