गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण: यूपी के 12 जिलों को जोड़कर विकास को मिलेगी रफ्तार

बुलंदशहर  : 29 / अप्रैल / 2026 : नरेंद्र मोदी  ने बुधवार को गंगा एक्सप्रेसवे का भव्य लोकार्पण कर उत्तर प्रदेश को बड़ी सौगात दी। बुलंदशहर की स्याना तहसील के बीबी नगर क्षेत्र के लाडपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में इस परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया गया।

लोकार्पण के मौके पर क्षेत्र में बड़े स्तर पर एलईडी स्क्रीन लगाई गईं, जहां करीब पांच से छह हजार लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन वर्चुअल माध्यम से सुना। जैसे ही लोकार्पण की घोषणा हुई, पूरे इलाके में खुशी और उत्साह का माहौल छा गया।

गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश के लगभग 12 जिलों को आपस में जोड़ते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी हिस्से तक कनेक्टिविटी को नई गति देगा। इससे यात्रा का समय कम होगा और परिवहन व्यवस्था मजबूत बनेगी। साथ ही व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस परियोजना से बुलंदशहर सहित आसपास के कई जिलों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को नई पहचान मिलेगी। धार्मिक दृष्टि से भी यह एक्सप्रेसवे अहम है, क्योंकि इससे संगम नगरी प्रयागराज तक पहुंच आसान होगी, जिससे श्रद्धालुओं को गंगा स्नान और कुंभ, माघ जैसे आयोजनों में शामिल होने में सुविधा मिलेगी।

गौरतलब है कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा वर्षों पहले देखे गए इस प्रोजेक्ट का सपना अब साकार हो गया है। गंगा एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिसने प्रदेश में नई उम्मीदों को जन्म दिया है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment