Home » बुलंदशहर » फर्जी बैनामा कर किसानों से 1.46 करोड़ की ठगी, सात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

फर्जी बैनामा कर किसानों से 1.46 करोड़ की ठगी, सात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

ककोड : 25 / मई / 2026 :  ककोड क्षेत्र में जमीन के फर्जी कागजात तैयार कर और फर्जी व्यक्ति खड़ा करके किसानों से एक करोड़ 46 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। एसएसपी के आदेश पर ककोड थाना पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम मियाना थाना रबूपुरा निवासी कंछी पुत्र जगन सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट जेवर परियोजना में उनकी और उनके भाइयों की जमीन अधिग्रहित हुई थी, जिसके मुआवजे से उन्होंने नई जमीन खरीदने की योजना बनाई थी। इसी दौरान प्रवेश निवासी ग्राम करौली उनसे मिला और जमीन खरीदने का प्रस्ताव दिया।

पीड़ित के अनुसार प्रवेश उन्हें प्रवीण पुत्र सुंदर निवासी ग्राम कपना के पास ले गया, जहां ककोड क्षेत्र की एक जमीन दिखाई गई। जमीन पसंद आने पर सौदा एक करोड़ 46 लाख रुपये में तय हुआ। आरोप है कि आरोपियों ने पहले सात लाख रुपये बयाने के तौर पर लिए और बाद में बैनामे तक धीरे-धीरे लगभग पूरी रकम नगद और ऑनलाइन माध्यम से ले ली।

पीड़ितों का आरोप है कि 22 मार्च 2026 को खुर्जा तहसील में फर्जी व्यक्ति खड़ा कर और फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का बैनामा उनके नाम करा दिया गया। बाद में जांच में पूरा मामला फर्जी निकलने पर किसानों को ठगी का एहसास हुआ।

इसके बाद पीड़ित किसानों ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। ककोड थाना प्रभारी सरजेश यादव ने बताया कि जांच के बाद प्रवेश, पंकज, गोली, बसंत, प्रवीण, राजू और प्रमोद समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment