Home » बुलंदशहर » खुर्जा जंक्शन पर दर्दनाक हादसा: ट्रेन के आगे कूदा वेंडर, बचाने दौड़ा सिपाही बाल-बाल बचा

खुर्जा जंक्शन पर दर्दनाक हादसा: ट्रेन के आगे कूदा वेंडर, बचाने दौड़ा सिपाही बाल-बाल बचा

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा : 12 / जून / 2026 :  खुर्जा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर मंगलवार सुबह एक रेलवे वेंडर ने गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। वेंडर को बचाने के लिए दौड़े GRP के एक सिपाही भी बाल-बाल बचे। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने खुर्जा GRP पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे खुर्जा GRP दो रेलवे वेंडरों के बीच हुए विवाद को सुलझाने के लिए प्लेटफार्म नंबर 3 पर मौजूद थी। इसी दौरान वेंडर अमर निवासी खुर्जा अचानक भीड़ को चीरते हुए ट्रैक पर दौड़ गया और सामने से आ रही गोरखधाम एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी। अमर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

ट्रेन को पास आता देख GRP के सिपाही सुनील ने अमर को बचाने के लिए ट्रैक पर छलांग लगा दी। सिपाही ने वेंडर को पकड़कर खींचने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन इतनी नजदीक आ चुकी थी कि अमर को नहीं बचाया जा सका। सिपाही सुनील किसी तरह ट्रैक से हटकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। इस दौरान वह खुद भी चपेट में आने से बाल-बाल बचा।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक अमर के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग स्टेशन पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि GRP के जवान विवाद सुलझाने के नाम पर अमर के साथ मारपीट कर रहे थे, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। हंगामे के कारण कुछ देर तक ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहा।

सूचना पर पहुंचे GRP और RPF के उच्च अधिकारी स्थिति को संभालने में जुटे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। GRP अधिकारियों का कहना है कि प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

खुर्जा GRP प्रभारी ने बताया, “प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। दोषी पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment

Latest Video

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This