Home » गाजियाबाद » नशे के कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, एक माह में 281 किलो से अधिक गांजा बरामद; 32 गिरफ्तार

नशे के कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, एक माह में 281 किलो से अधिक गांजा बरामद; 32 गिरफ्तार

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद  : 24 / अगस्त / 2026 :   जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ के निर्देशन में एडीएम सिटी विकास कश्यप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक हुई। बैठक में जनपद में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

एडीएम सिटी ने विद्यालयों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के निर्धारित दायरे में शराब, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं होनी चाहिए। ऐसे स्थानों पर नियमित निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने आमजन से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की।

औषधि निरीक्षक ने बताया कि 18 जुलाई 2026 को नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो जम्मू के साथ संयुक्त कार्रवाई में कौशांबी स्थित प्रवीन मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर करीब 70 हजार रुपये की नशीली औषधियां जब्त की गईं। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और मेडिकल स्टोर के क्रय-विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई। इंदिरापुरम के एक थोक विक्रेता के प्रतिष्ठान से संदेह के आधार पर आठ औषधियों के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजे गए। करीब 1.92 लाख रुपये कीमत की औषधियों को जांच रिपोर्ट आने तक रोक दिया गया।

पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समिति के संयोजक की रिपोर्ट के अनुसार 21 जुलाई से 21 अगस्त 2026 तक मादक पदार्थों की बरामदगी के मामलों में 281.78 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस दौरान 20 अभियोग दर्ज कर 32 महिला-पुरुषों को गिरफ्तार किया गया। कोटपा अधिनियम के तहत हुक्का, पाइप, सुगंधित तंबाकू और कायेला की बरामदगी के मामले में एक अभियोग दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

बैठक में स्वास्थ्य, पुलिस, नारकोटिक्स प्रकोष्ठ, खाद्य, औषधि निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समाज कल्याण, शिक्षा, वन और यातायात विभाग के अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment