Home » बुलंदशहर » हेड कांस्टेबल मोनू कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर

हेड कांस्टेबल मोनू कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

जहांगीराबाद  : 25 / अगस्त / 2026 :   जहांगीराबाद  कोतवाली क्षेत्र की अमरगढ़ रिपोर्टिंग चौकी पर तैनात चालीस वर्षीय हेड कांस्टेबल मोनू कुमार की सोमवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। साथी पुलिसकर्मी उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार सोमवार दिन में हेड कांस्टेबल मोनू कुमार की तबीयत कुछ खराब हुई थी। उन्होंने अमरगढ़ में ही एक स्थानीय चिकित्सक से दवा ली थी। शाम के समय अचानक उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद साथी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर स्वयं हेड कांस्टेबल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।

वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हेड कांस्टेबल मोनू कुमार पिछले एक वर्ष से अधिक समय से जहांगीराबाद कोतवाली में तैनात थे और पिछले कई महीनों से अमरगढ़ चौकी पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। मृतक हेड कांस्टेबल मोनू कुमार पुत्र ब्रजवीर सिंह मूलरूप से सहारनपुर जिले के बेहट थाना क्षेत्र स्थित गांव पिवड़ा जालौरदार के निवासी थे।

उनकी मौत की सूचना मिलते ही साथी पुलिसकर्मियों और विभागीय अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई। अनूपशहर क्षेत्राधिकारी भरत कुमार सोनकर ने बताया कि तबीयत खराब होने पर हेड कांस्टेबल को जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनका निधन हो गया। मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment