शिकारपुर : 25 / अगस्त / 2026 : शिकारपुर नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर लॉ कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का मंगलवार को उत्साह और खेल भावना के बीच समापन हुआ। स्पोर्ट्स कमेटी के संयोजक डॉ. गौरव सोलंकी के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष एवं महिला वर्ग में बैडमिंटन के मुकाबले हुए, जबकि दूसरे दिन बैडमिंटन के साथ शतरंज और कैरम बोर्ड के फाइनल मुकाबले खेले गए। बैडमिंटन पुरुष वर्ग में बीएएलएलबी नवम सेमेस्टर के दीपांशु शर्मा ने पंचम सेमेस्टर के कुनाल को हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। महिला वर्ग में बीएएलएलबी तृतीय सेमेस्टर की शिप्रिता चौधरी ने एलएलबी तृतीय सेमेस्टर की निशु शर्मा को पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की।

शतरंज प्रतियोगिता में बीएएलएलबी पंचम सेमेस्टर के देव सिंह ने बेहतर रणनीति और एकाग्रता का परिचय देते हुए नवम सेमेस्टर की शिक्षा कुमारी को हराकर जीत दर्ज की। कैरम प्रतियोगिता में बीएएलएलबी सप्तम सेमेस्टर के यश सोलंकी तथा महिला वर्ग में एलएलबी पंचम सेमेस्टर की प्रिया विजेता रहीं।
प्रतियोगिता के दौरान सुहेल आलम ने प्रभावी कमेंट्री की, जबकि वरिष्ठ प्रवक्ता उत्तम वीर सिंह ने स्कोरर की भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में रश्मि राघव, प्रमोद कुमार, श्वेता सिंह, डॉ. अरविंद कुमार, लक्ष्मी और काजल का विशेष योगदान रहा।
समापन समारोह में कॉलेज के प्राचार्य बिनोद कुमार सिंह ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










