नई दिल्ली : 25 / अगस्त / 2026 : जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज में 24 अगस्त को ब्रिटेन से आए हिंदी-अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज, भारतीय भाषा समिति, अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय कार्यक्रम केंद्र तथा वैश्विक हिंदी परिवार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारत और ब्रिटेन के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच हिंदी भाषा, भारतीय संस्कृति और शिक्षा को लेकर विचारों का आदान-प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज की प्रार्थना एवं कुलगीत से हुई। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. स्वाति पाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की स्थापना, शैक्षणिक उपलब्धियों और छात्राओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा तथा कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।
भारतीय भाषा समिति की संयोजक प्रो. संध्या गर्ग ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के बीच अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव व्यक्ति के व्यक्तित्व को समृद्ध करता है।
अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय कार्यक्रम केंद्र की संयोजक प्रो. वी. राज्यलक्ष्मी ने कॉलेज की विशेषताओं और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थान की संभावनाओं पर चर्चा की। वहीं कार्यक्रम संयोजक डॉ. विवेक शर्मा ने ब्रिटेन में हिंदी के अध्ययन, विकास और उसके सामने मौजूद चुनौतियों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने हिंदी को वैश्विक मंच पर और अधिक मजबूती देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

वैश्विक हिंदी परिवार के अध्यक्ष अनिल शर्मा जोशी के मार्गदर्शन एवं हिंदी के अंतरराष्ट्रीय प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी कार्यक्रम में विशेष रूप से रेखांकित किया गया। दिल्ली इकाई के अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा ने हिंदी को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान करते हुए कहा कि हिंदी केवल भाषा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और संवेदनाओं से भी जुड़ी है।
ब्रिटेन से आई यूके समिति की अध्यक्ष सुरेखा चौफला ने ब्रिटेन में हिंदी के अध्ययन एवं प्रचार-प्रसार की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने नई पीढ़ी को हिंदी भाषा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं ब्रिटेन से आए प्रो. हरीश पोपटानी ने हिंदी के महत्व के साथ ब्रिटेन की सामाजिक-सांस्कृतिक परिस्थितियों और जीवनशैली पर विद्यार्थियों से संवाद किया।
कार्यक्रम में भारतीय और ब्रिटेन से आए विद्यार्थियों के बीच शिक्षा, हिंदी भाषा, संस्कृति और दोनों देशों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं को लेकर जीवंत चर्चा हुई। कॉलेज की वेबसाइट एवं विभिन्न गतिविधियों पर प्रस्तुति भी दी गई। डॉ. कुश कुमार गयासेन ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में योगदान देने वाले लोगों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अंत में डॉ. शिवानी बर्नवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय में वैश्विक हिंदी परिवार की ओर से सुमित मीणा, मनीष कुमार और अजय शर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










