गाजियाबाद : 15 / सितम्बर / 2026 : एनसीआर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पुराने व्यावसायिक वाहनों को हटाकर नए वाहनों को अपनाने के लिए परिवर्तन योजना लागू की जा रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को संभागीय परिवहन कार्यालय में परिवहन संचालकों के साथ बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने की।

उन्होंने परिवहन संचालकों को योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए पात्र वाहन स्वामियों को इसका लाभ दिलाने के लिए जागरूक करने की अपील की। योजना के तहत पुराने व्यावसायिक वाहन को पंजीकृत वाहन स्क्रैप केंद्र पर स्क्रैप कराने के बाद नया बीएस-6, सीएनजी या विद्युत वाहन खरीदने पर ऋण के ब्याज में पांच प्रतिशत अनुदान मिलेगा।
नए बीएस-6 वाहन की खरीद पर निर्माता की ओर से आठ प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। इसके साथ ही नए वाहन पर 10 वर्ष तक मोटर वाहन कर में शत-प्रतिशत छूट और पंजीकरण शुल्क में भी शत-प्रतिशत छूट का प्रावधान है। वहीं पुराने बीएस-6 वाहन की खरीद पर 50 प्रतिशत कर छूट मिलेगी।
बैठक में अधिकारियों ने परिवहन संचालकों से योजना का अधिक से अधिक प्रचार करने और पात्र वाहन स्वामियों को इसके लाभ की जानकारी देने को कहा। इस दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि पुराने अधिक प्रदूषणकारी वाहनों के स्थान पर नए स्वच्छ ईंधन और विद्युत वाहनों को बढ़ावा मिलने से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









