ककोड़ : 18 / सितम्बर / 2026 : ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव भोपतपुर निवासी एक युवक ने भीड़ का फोटो खींचने को लेकर विवाद के बाद कुछ लोगों पर अपहरण कर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव भोपतपुर निवासी विकास पुत्र यशपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे वह बाइक से सिकंदराबाद की ओर जा रहा था। नगला गोविंदपुर के पास सड़क किनारे काफी भीड़ लगी हुई थी। वहां उसके परिचित का प्लॉट भी होने के कारण वह रुक गया और भीड़ की कुछ तस्वीरें लेने लगा।
पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान चमन पुत्र रमेश चंद, कृष्णा मावी, जिला पंचायत सदस्य फरमान पुत्र फजर और एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे फोटो खींचने से रोकते हुए धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद सभी लोग ब्रेजा कार में सवार होकर आए और उसे जबरन कार में बैठा लिया।
विकास के अनुसार आरोपी उसे गांव जौली के पास एक झोपड़ी में ले गए, जहां उसके साथ लोहे की रॉड सहित अन्य चीजों से जमकर मारपीट की गई। मारपीट में उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि हालत बिगड़ने के बाद आरोपी उसे नोएडा के कासना क्षेत्र में खानपुर गांव के पास ले गए और वहां उपचार कराने का प्रयास किया।
पीड़ित ने बताया कि इसके बाद आरोपी उसे दोबारा नगला गोविंदपुर के पास छोड़कर फरार हो गए। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विकास को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









