बुलंदशहर/खुर्जा : 18 / सितम्बर / 2026 : बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और अधिकारियों पर किसानों से अभद्रता व विभागीय कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने खुर्जा में अधिशासी अभियंता (XEN) कार्यालय के बाहर महापंचायत आयोजित की।
महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी पहुंचे। इस दौरान किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
किसानों ने आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता द्वारा किसानों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया जाता है। साथ ही विभागीय कार्यों में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। किसानों ने बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण करंट की चपेट में आकर जान गंवाने वाले लोगों के मामलों में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की भी मांग उठाई।
महापंचायत के दौरान किसानों ने जांच के घेरे में आए XEN को तत्काल चार्ज मुक्त किए जाने की मांग रखी। मौके पर बिजली विभाग के एससी और खुर्जा एसडीएम पहुंचे तथा किसान नेताओं से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने किसानों की मांगों और शिकायतों पर बातचीत की।
वहीं, किसान नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता और उठाई गई मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। महापंचायत के दौरान जिलाध्यक्ष देवराज ठाकुर और महासचिव दीपक चौधरी ने किसानों को संबोधित करते हुए विभाग के खिलाफ आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








