बुलंदशहर : 19 / सितम्बर / 2026 : बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र के लल्लाबाबू चौराहे पर दो दिन पहले अमित को कार से टक्कर मारने के मामले में अब परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि बच्चे को ले जाने का विरोध करने पर अमित को ब्रेजा कार से टक्कर मारी गई। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अमित कार के बोनट पर दिखाई दे रहा है।
अमित की पत्नी अंकिता चौधरी और चचेरे भाई कपिल चौधरी ने सामने आकर आरोप लगाया कि घटना के पीछे बच्चे को ले जाने का विवाद था। उनका आरोप है कि साले की पत्नी और अन्य रिश्तेदारों द्वारा बच्चे को ले जाने का विरोध करने पर अमित को कार से टक्कर मारी गई।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कार्रवाई को लापरवाही व धमकी तक सीमित रखा गया। परिवार ने आरोप लगाया कि दर्ज एफआईआर में घटना से जुड़े गंभीर आरोपों को शामिल नहीं किया गया। पुलिस ने अमित के ससुर की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया था।
घटना के बाद घायल अमित को उपचार के लिए मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। अब परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










