शिकारपुर : 20 / सितम्बर / 2026 : राष्ट्रीय वैश्य स्वाभिमान संघ पंजीकृत ने संगठन का विस्तार करते हुए नगर के प्रमुख समाजसेवी एवं व्यापारी कुशल सिंघल को उत्तर प्रदेश का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया है।
उनके मनोनयन की जानकारी मिलते ही स्थानीय वैश्य समाज और व्यापारिक वर्ग में खुशी का माहौल बन गया। संगठन के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय व्यापारियों ने उनका स्वागत करते हुए बधाई दी।

कुशल सिंघल के प्रदेश उपाध्यक्ष बनने पर व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष गौरव मित्तल ने अपनी टीम के साथ स्वागत समारोह आयोजित किया। इस दौरान व्यापारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर कुशल सिंघल का स्वागत किया और मिठाई खिलाकर खुशी जताई।
इस अवसर पर गौरव मित्तल ने कहा कि कुशल सिंघल लंबे समय से वैश्य समाज और व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। समाज के लोगों के सुख-दुख में वे हमेशा साथ खड़े रहते हैं। उनके संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष बनने से संगठन को मजबूती मिलेगी और समाज के युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
वहीं, नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष कुशल सिंघल ने संगठन के पदाधिकारियों और समाज के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि वैश्य समाज को संगठित करना और व्यापारियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की मदद और सामाजिक कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में वैश्य समाज के गणमान्य नागरिक, व्यापारी और संगठन से जुड़े लोग मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










