चोला : 22 / सितम्बर / 2026 : चोला थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर में सड़क किनारे रोती हुई मिलीं दो मासूम बच्चियों को चोला पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उनके माता-पिता से मिलवा दिया। बच्चियों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।
थाना प्रभारी दिग्विजय नाथ साही ने बताया कि सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह यादव को सुल्तानपुर गांव में सड़क के पास दो छोटी बच्चियां रोती हुई मिलीं। बच्चियों की पहचान राधिका (4 वर्ष) और दीपिका (2 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों बच्चियां सही तरीके से अपना नाम और गांव का नाम नहीं बता पा रही थीं।

पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों को साथ लेकर आसपास के क्षेत्रों में बच्चियों की पहचान कराने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद जानकारी हुई कि दोनों बच्चियां ग्राम धनोरा, थाना ककोड़ निवासी नीरज पुत्र जगपाल सिंह की बेटियां हैं।
बताया गया कि नीरज और उनकी पत्नी मजदूरी के लिए बाहर जाते हैं, जबकि दोनों बच्चियां घर पर अपने दादा के साथ रहती हैं। इसी दौरान दोनों बच्चियां घर से निकल गईं और पैदल चलते-चलते सुल्तानपुर गांव पहुंच गईं।
पुलिस ने दोनों बच्चियों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय बाद बच्चियों को सकुशल देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, वहीं दोनों मासूम भी अपने माता-पिता से मिलकर बेहद खुश नजर आईं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










