बुलंदशहर : 22 / सितम्बर / 2026 : बुलंदशहर-खुरजा विकास प्राधिकरण (बीडिए) ने आम जनता की सहूलियत और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
विकास प्राधिकरण द्वारा जारी एक ‘कार्यालय ज्ञाप’ के अनुसार, अब प्रत्येक बुधवार को प्राधिकरण सभागार में विशेष दिवस का आयोजन किया जाएगा।
इस व्यवस्था के तहत हर बुधवार सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक प्राधिकरण के समस्त संबंधित अधिकारी, अभियंता और कार्मिक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।

इस दौरान आम जनता से प्राप्त होने वाली विभिन्न शिकायतों, जैसे स्वीकृत/शमन मानचित्र, संपत्ति से जुड़ी समस्याओं और अन्य अनुभागों से संबंधित मामलों की सुनवाई की जाएगी। प्राधिकरण का उद्देश्य इन सभी प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित और समुचित समाधान प्रदान करना है।
इतना ही नहीं, इस निश्चित समय सीमा के भीतर संबंधित आर्किटेक्ट और इंजीनियर भी उपस्थित रहकर जमा किए गए मानचित्रावली अथवा शमन मानचित्रों से संबंधित आपत्तियों और समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।
प्राधिकरण के सचिव द्वारा जारी इस आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों, अधीक्षण अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे नियत दिवस को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
जनसामान्य की शिकायतों, संपत्ति और मानचित्रों से जुड़ी किसी भी प्रकार की लंबित फाइल या समस्या का त्वरित समाधान कराने में अपना पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










