शिकारपुर : 22 / सितम्बर / 2026 : शिकारपुर नगर में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का धंधा जोरों पर चल रहा है सबसे खराब स्थिति इंडियन गैस के उपभोक्ताओं की है, जिन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे है।

हैरान करने वाली बात यह है कि जहां आम जनता अपने घरेलू सिलेंडर के लिए हफ्तों इंतजार कर रही है वहीं दूसरी ओर नगर के बाजारों होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में यही घरेलू सिलेंडर धड़ल्ले से ब्लैक में बेचे जा रहे है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इंडियन गैस के सिलेंडरों की यह कालाबाजारी लम्बे समय से जारी है। उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस एजेंसी में बुकिंग कराने के बावजूद हफ्तों तक उनके घरों पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाती।
जब वे एजेंसी या वेंडरों से सम्पर्क करते है तो स्टॉक खत्म होने या गाड़ी न आने का बहाना बना दिया जाता है, इसके विपरीत नगर के मुख्य बाजारों और चाय-नाश्ते के होटलों में घरेलू सिलेंडरों का खुलेआम व्यावसायिक इस्तेमाल हो रहा है। वेंडर और बिचौलिए अधिक मुनाफे के चक्कर में इन घरेलू सिलेंडरों को ब्लैक मार्केट में बेच देते है इस पूरी अव्यवस्था और अवैध कारोबार को लेकर जनता में भारी आक्रोश है।
सबसे बड़ा सवाल क्षेत्रीय सप्लाई इंस्पेक्टर की कार्यप्रणाली पर उठ रहा है स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गम्भीर समस्या और खुलेआम हो रही कालाबाजारी की ओर सप्लाई इंस्पेक्टर का कोई ध्यान नहीं है। अधिकारियों की इस अनदेखी और कथित मौन स्वीकृति के चलते ब्लैकचेन चलाने वालों के हौसले बुलन्द है।
जनता ने प्रशासन से तीखे सवाल पूछे हैं कि क्या शिकारपुर में ऐसे ही लगातार गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी होती रहेगी क्या आम गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपनी रसोई के लिए ऐसे ही तरसते रहेंगे। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि नगर के होटलों और संदिग्ध ठिकानों पर तुरन्त छापेमारी की जाए और गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए ।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










