ककोड़ : 23 / सितम्बर / 2026 : ककोड़ थाना क्षेत्र की झाझर पुलिस ने जुआ खेलते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1830 रुपये की नकदी और ताश की गड्डी बरामद की है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ककोड़ थाना प्रभारी सुदेश कुमार सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक अतुल झा पुलिस टीम के साथ जहांगीरपुर रोड पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान तुलसी धर्मकांटा के पास कुछ लोगों के शोर करने की आवाज सुनाई दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो चार लोग आपस में जुआ खेलते हुए मिले।
पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1830 रुपये नकद और ताश की गड्डी समेत अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में जुआ खेलकर मनोरंजन कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरिकिशन, दीपक, जवर और रविंद्र के रूप में हुई है। चारों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी सुदेश कुमार सिंह ने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










