जहांगीराबाद : 1 / अक्टूबर / 2026 : माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब पढ़ाई के साथ संसद की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी ही प्रधानमंत्री, मंत्री, सांसद, विपक्ष के सदस्य और अध्यक्ष की भूमिकाएं निभाकर सदन की कार्यवाही का संचालन करेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को वास्तविक संसद की तर्ज पर अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जाएंगी। सत्ता पक्ष की भूमिका निभाने वाले विद्यार्थी विभिन्न विभागों से जुड़े विषयों पर जवाब देंगे, जबकि विपक्ष की भूमिका में रहने वाले छात्र सवाल उठाकर सरकार से जवाब मांगेंगे। एक विद्यार्थी अध्यक्ष की भूमिका में सदन की कार्यवाही संचालित करेगा।
इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रश्नकाल, चर्चा, विचार-विमर्श और सवाल-जवाब की संसदीय प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपनी बात तार्किक ढंग से रखने और दूसरे पक्ष के विचार सुनने का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को सदन में अनुशासन, नियमों के पालन और मर्यादित संवाद की प्रक्रिया से भी अवगत कराया जाएगा। इससे उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित होने के साथ नेतृत्व क्षमता को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनय कुमार ने बताया कि युवा संसद का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, तर्क-वितर्क, संवाद कौशल और सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने का आत्मविश्वास विकसित करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और संसदीय कार्यप्रणाली की व्यवहारिक जानकारी भी मिलेगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









