बुलंदशहर : 1 / अक्टूबर / 2026 : खुर्जा निवासी एक महिला ने वर्ष 2020 से चले आ रहे प्रॉपर्टी विवाद को लेकर पुलिस पर निष्पक्ष जांच नहीं करने और परिवार के खिलाफ कथित रूप से फर्जी मुकदमे दर्ज कराने के आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है, जहां पुलिस से रिपोर्ट तलब की गई है।
इस बीच महिला ने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कथित सड़क हादसों का भी जिक्र किया है।
मामले को लेकर सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया में चल रही खबरों पर बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए उन्हें तथ्य से परे और भ्रामक बताया है। एसएसपी के अनुसार वर्ष 2021 के खुर्जा नगर क्षेत्र के प्रकरण और 19 अगस्त 2026 को हुई दुर्घटना के दो अलग-अलग मामलों को एक साथ जोड़कर प्रस्तुत किया गया है।
एसएसपी के मुताबिक दोनों मामलों में विवेचना पूरी की जा चुकी है और न्यायालय में आरोप पत्र भी प्रेषित किए जा चुके हैं। दुर्घटना के मामले को लेकर उन्होंने बताया कि महिला की तहरीर में किसी व्यक्ति अथवा वाहन का नाम दर्ज नहीं था, जिसके चलते मुकदमा अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, पीआरवी द्वारा मौके से संबंधित व्यक्ति को पकड़ा गया था। इसके बाद उसकी पहचान और पते का सत्यापन कर नियमानुसार नोटिस तामील कराया गया। एसएसपी ने बताया कि वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दुर्घटना के मामले में भी आरोप पत्र न्यायालय भेज दिया गया है।
वहीं, 30 सितंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए आदेश को लेकर एसएसपी ने कहा कि आदेश में ऐसी कोई टिप्पणी नहीं की गई है, जैसा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। पुलिस ने मामले से संबंधित तथ्यों को स्पष्ट करते हुए वायरल खबरों को भ्रामक बताया है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









