Home » बुलंदशहर » स्वास्थ्य परीक्षण कर वितरित की गई पीपीई किट, स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने का किया आह्वान

स्वास्थ्य परीक्षण कर वितरित की गई पीपीई किट, स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने का किया आह्वान

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

जहांगीराबाद : 1 / अक्टूबर / 2026 :   स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत नगर पालिका परिषद जहांगीराबाद की ओर से आरसी फार्म में सफाई मित्र सुरक्षा, सम्मान एवं क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य का परीक्षण कराया गया। साथ ही उन्हें प्रशस्ति पत्र, माल्यार्पण और पीपीई किट देकर सम्मानित किया गया।

कार्यशाला में सफाई मित्रों को कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने और निर्धारित सावधानियों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया।

पालिका अध्यक्ष किशनपाल सिंह लोधी ने सफाई मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वह प्रतिदिन जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए नगर को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने सफाई मित्रों को सुरक्षा उपकरणों का नियमित इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया।

अधिशासी अधिकारी ओम गिरी ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर पालिका परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी को सेवा भावना, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने सफाई मित्रों की समस्याओं और सुरक्षा का ध्यान रखने पर भी जोर दिया।

सफाई एवं खाद्य निरीक्षक रोहित सिंह ने कहा कि नगर पालिका परिषद सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। उन्होंने सफाई मित्रों से परिवार की भावना के साथ मिलकर कार्य करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

स्वच्छ भारत मिशन के सलाहकार एवं ट्रेनिंग पार्टनर डॉ. बलजीत सिंह ने एसडब्ल्यूएम नियमावली के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कचरे के चार प्रकार के पृथक्करण की आवश्यकता और इसके महत्व को विस्तार से समझाया। साथ ही सफाई मित्रों का क्षमता संवर्धन करते हुए स्वच्छता कार्य से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दीं।

कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों को स्वच्छता कार्य में कचरे के सही पृथक्करण, सुरक्षा उपायों और कार्यस्थल पर सावधानियों के संबंध में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करने की आदत विकसित होने से कचरा प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में नगर पालिका के वार्ड सभासद, सफाई नायक एवं सफाई मित्रों के अलावा स्वच्छ भारत मिशन से अशोक कुमार, चंद्रशेखर, नीलकमल, पवन सिंह, समस्त आईईसी टीम तथा आईटीसी से नकुल मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment