गाजियाबाद : 1 / अक्टूबर / 2026 : इंदिरापुरम थाना पुलिस ने बुधवार को चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में एक स्नैचर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 5/6 पुलिया रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कनावनी पुलिया की ओर से एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया।

पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन युवक ने मोटरसाइकिल मोड़कर मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुनासिर उर्फ मुनाजिर पुत्र मोईन अहमद निवासी गरिमा गार्डन, साहिबाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के आपराधिक इतिहास और बरामद सामान के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









