Home » गाजियाबाद » कनावनी के किसानों का 52वें दिन भी धरना जारी, आंदोलन को व्यापक बनाने की तैयारी

कनावनी के किसानों का 52वें दिन भी धरना जारी, आंदोलन को व्यापक बनाने की तैयारी

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद : 4 / अक्टूबर / 2026 :   ग्राम कनावनी के किसानों का अपनी मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना रविवार को लगातार 52वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर किसानों ने आंदोलन को और मजबूत एवं व्यापक बनाने को लेकर बैठक की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में आंदोलन का विस्तार किया जाएगा और अधिक से अधिक किसानों, सामाजिक संगठनों तथा आसपास के गांवों को संघर्ष से जोड़ा जाएगा।

किसानों ने कहा कि लंबे समय से धरना जारी रहने के बावजूद उनका हौसला और एकजुटता लगातार मजबूत हो रही है। किसान अपनी मांगों पर पूरी तरह कायम हैं और किसी भी दबाव में पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

किसानों का कहना है कि उच्च न्यायालय की ओर से मामले में प्राधिकरण और एडीएम भू-अर्जन को नोटिस जारी किए जा चुके हैं तथा मामले की सुनवाई 2 नवंबर 2026 को होनी है। इसके बावजूद यदि प्राधिकरण की ओर से अवार्ड बनाने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाती है तो किसान इसका पुरजोर विरोध करेंगे।

किसानों ने कहा कि न्यायालय के आदेशों के बाद जब उनकी जमीन अर्जन से मुक्त होने की स्थिति में है, तो दोबारा अवार्ड बनाने की कार्रवाई किसानों के हितों के साथ अन्याय होगी। किसानों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में उनकी प्रमुख मांग राजस्व अभिलेखों में किसानों के नाम बहाल कराने की है। जब तक राजस्व अभिलेखों में नाम बहाल नहीं किए जाते, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

किसान श्रीचंद नागर और मथन सिंह नागर ने कहा कि कनावनी के किसान पूरी तरह एकजुट हैं और आंदोलन को लगातार मजबूती मिल रही है। अब आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए आसपास के गांवों के किसानों, सामाजिक लोगों और किसान संगठनों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों ने 52 दिनों से जिस धैर्य, मेहनत और एकजुटता के साथ आंदोलन जारी रखा है, वह उनकी मजबूत इच्छाशक्ति को दर्शाता है।

आने वाले दिनों में आंदोलन में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। किसानों ने कहा कि जब तक किसानों के नाम राजस्व अभिलेखों में बहाल नहीं होते, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन और प्राधिकरण से मांग की कि पूरे मामले में न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हुए किसानों के हित में उचित कार्रवाई की जाए।

धरना स्थल पर लिखीराम शर्मा, चतर सिंह नागर, कैलाश नागर, श्रीचंद नागर, महेंद्र नागर, दीपचन्द नागर, धर्म सिंह नागर, बाबू नागर, विजय नागर, राजेंद्र नागर, धनेश्वर शर्मा, दीपक महाराज सिंह नागर, परवीन नागर, पंकज नागर, अमित कसाना सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment