Home » जहांगीराबाद » मारपीट में बुजुर्ग की मौत, गला दबाने का आरोप

मारपीट में बुजुर्ग की मौत, गला दबाने का आरोप

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

जहांगीराबाद  : 4 / अक्टूबर / 2026 :   जहांगीराबाद नगर के मोहल्ला पाठक में शनिवार रात करीब दस बजे पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।

इसी दौरान 60 वर्षीय सलीम की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर बुलंदशहर रेफर कर दिया गया। बुलंदशहर ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।

मृतक के बेटे ने पड़ोस के कुछ युवकों पर घर में घुसकर मारपीट करने और पिता का गला दबाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले सलीम ने अपने चचेरे भाई नन्हे के बेटे सरफराज की शादी कराई थी। शादी के बाद सरफराज की पत्नी मायके चली गई थी और वापस नहीं आई।

आरोप है कि इसी को लेकर नन्हे, सरफराज और परिवार के अन्य लोग सलीम पर उसकी पत्नी को वापस लाने के लिए दबाव बना रहे थे। इसी बात को लेकर शनिवार रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

मृतक के बेटे जुनैद का आरोप है कि कुछ युवक घर में घुस आए और उसके पिता के साथ मारपीट की। इस दौरान उनका गला दबाने की भी कोशिश की गई। मारपीट के बाद सलीम की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

परिजन उन्हें जहांगीराबाद के अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बुलंदशहर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मोहल्ले में तनाव को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी है। दरबार बैंड वाली गली (पाठक मोहल्ला) में पुलिस पिकेट तैनात की गई है। पुलिस मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

सीओ अनूपशहर भरत सोनकर ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। सलीम की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment