गाजियाबाद : 7 / अक्टूबर / 2026 : उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम एवं उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में साहिबाबाद रोडवेज परिसर में चालकों, परिचालकों एवं रोडवेज कर्मचारियों के लिए व्यापक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव ने की।
आयोजन का उद्देश्य परिवहन विभाग से जुड़े कर्मचारियों के स्वास्थ्य की समय रहते जांच, गंभीर बीमारियों की शीघ्र पहचान तथा आवश्यक उपचार और परामर्श उपलब्ध कराना रहा। शिविर में टीबी, एचआईवी, यौन संचारित संक्रमण, सिफलिस और हेपेटाइटिस जैसी गंभीर एवं संक्रामक बीमारियों की जांच की गई।

इसके अलावा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त जांच, नेत्र परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में विशेष रूप से टीबी और एचआईवी की जांच पर जोर दिया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि इन बीमारियों की समय पर पहचान होने से संक्रमित व्यक्ति को उचित उपचार उपलब्ध कराने के साथ संक्रमण के प्रसार को रोकने में भी मदद मिलती है।
टीबी जांच के तहत कर्मचारियों की स्क्रीनिंग की गई और संदिग्ध मामलों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए चिन्हित किया गया। सभी प्रतिभागियों का एचआईवी परीक्षण पूर्ण गोपनीयता के साथ किया गया। इसके साथ ही सिफलिस और हेपेटाइटिस की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. आनंद ने बताया कि टीबी पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है और नियमित रूप से दवा लेने पर मरीज स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने एचआईवी के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि समय पर जांच और उपचार मिलने पर संक्रमित व्यक्ति भी सामान्य एवं स्वस्थ जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम में एआरएम दिव्यांशी सिंह एवं अनिल कुमार उपस्थित रहे। जिला क्षय रोग केंद्र गाजियाबाद से टीबी-एचआईवी समन्वयक निधि त्रिखा, एसटीएस रविन्द्र चौधरी, एसटीएलएस मनीष, आईसीटीसी परामर्शदाता राहुल वर्मा, एसटीआई परामर्शदाता सुमन चौधरी और प्रयोगशाला तकनीशियन ललित चौधरी ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
नेहरू युवा ग्रामीण महिला विकास संस्थान गाजियाबाद से परियोजना प्रबंधक संगीता दुबे, सौरभ राना, सुदेश, अंकित और खुशबू सिंह ने भी सहयोग किया। दिशा कैलेस्टर की ओर से सीपीएम सचिन ने शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में बड़ी संख्या में चालक, परिचालक एवं रोडवेज कर्मचारियों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य जांच का लाभ लिया।
अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार लेने, स्वच्छ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। आयोजन के माध्यम से कर्मचारियों को संदेश दिया गया कि स्वस्थ कर्मचारी ही सुरक्षित और मजबूत परिवहन व्यवस्था की
आधारशिला हैं। स्वास्थ्य विभाग एवं रोडवेज प्रशासन के सहयोग से आयोजित शिविर में कर्मचारियों को जांच के साथ बीमारी से बचाव और उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










