बुलंदशहर : 8 / अक्टूबर / 2026 : बुलंदशहर में ECCE एजुकेटर भर्ती के दूसरे चरण में चयनित 160 अभ्यर्थियों का इंतजार चार महीने बाद भी खत्म नहीं हुआ है। 29 मई को काउंसलिंग के दौरान विद्यालयों का आवंटन होने के बावजूद अब तक नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए हैं।
नियुक्ति की मांग को लेकर गुरुवार को चयनित अभ्यर्थी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।

दरअसल, ECCE एजुकेटर भर्ती के दूसरे चरण में चयनित 160 महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों ने निर्धारित योग्यता के आधार पर आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार और अभिलेख सत्यापन के बाद 29 मई 2026 को विद्यालय आवंटन के लिए काउंसलिंग कराई गई। काउंसलिंग में सभी चयनित अभ्यर्थियों को विद्यालय भी आवंटित कर दिए गए।
इसके बावजूद विद्यालय आवंटन के करीब चार महीने बीत जाने के बाद भी नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए हैं। इससे चयनित अभ्यर्थियों में नाराजगी और बेचैनी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे और नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया के सभी चरण पूरे हो चुके हैं और विद्यालय भी आवंटित किए जा चुके हैं। ऐसे में अब नियुक्ति पत्र जारी कर उन्हें संबंधित विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने का अवसर दिया जाए।
फिलहाल चयनित 160 ECCE एजुकेटरों की निगाहें बेसिक शिक्षा विभाग के अगले कदम पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि विभाग कब तक नियुक्ति पत्र जारी करता है और चयनित अभ्यर्थियों को अपने आवंटित विद्यालयों में कार्यभार संभालने का मौका मिलता है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










