खुर्जा (बुलंदशहर) : 10 / अक्टूबर / 2026 : खुर्जा में हाईवे स्थित खेल मैदान पर शनिवार को खेले गए टी-20 क्रिकेट मुकाबले में नेशनल पीएनबी अवेंजर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खुर्जा क्रिकेट क्लब को हरा दिया। वैभव भारती की 106 रनों की आतिशी पारी की बदौलत नेशनल पीएनबी अवेंजर ने 205 रनों का लक्ष्य महज 17 ओवर में हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी खुर्जा क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 204 रन बनाए। टीम की ओर से अंकित तोमर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 80 रन की शानदार पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेशनल पीएनबी अवेंजर की टीम ने शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी की। वैभव भारती ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाते हुए 106 रन बनाए। उनकी शतकीय पारी के दम पर टीम ने 17वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर तीन ओवर शेष रहते जीत दर्ज की। शानदार प्रदर्शन के लिए वैभव भारती को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. भूदत्त शर्मा ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्हें राष्ट्रपति और राज्यपाल पुरस्कार सहित 26 से अधिक सम्मान प्राप्त हैं।

उन्होंने विजेता टीम नेशनल पीएनबी अवेंजर के कप्तान एवं खुर्जा रूरल शाखा के प्रबंधक अरुणेश कुमार को विजेता ट्रॉफी प्रदान की। वहीं, खुर्जा क्रिकेट क्लब के कप्तान नवीन भारद्वाज को उपविजेता ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संदीप शर्मा, प्रवीण कुमार, विश्वजीत, जितेंद्र, प्रखर, आदित्य, मनी राजोरा, संजीव शर्मा, सुमित शर्मा, ऋषभ पंडित, ललित कुमार, ललित चंचल, मनु और विकास शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










