बुलंदशहर : 7 / अगस्त / 2025 : खुर्जा के जटिया अस्पताल में बदलते मौसम के कारण मरीजों की लंबी कतार लगी हुई थी। गुरुवार को पहले इलाज कराने को लेकर मरीजों के बीच विवाद हो गया। शुरू में मामूली कहासुनी हुई जो धीरे-धीरे बढ़कर मारपीट में बदल गई। मरीजों के दो गुटों में गाली-गलौज के बाद हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान एक व्यक्ति ने खुद को किसी राजनीतिक दल का नेता बताते हुए धमकी भी दी। हंगामे का पूरा वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। बाद में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी वहां पहुंचे। खुर्जा सरकारी अस्पताल के सीएमएस अनिल शर्मा ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अस्पताल में प्राथमिकता के आधार पर हर मरीज को निशुल्क उपचार और दवाई दी जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बुलंदशहर जिले के इस अस्पताल में मौसम परिवर्तन के कारण इन दिनों मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सुबह से ही अस्पताल में भीड़ रहती है, जिससे कभी-कभी व्यवस्था प्रभावित होती है।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












