बुलंदशहर : 7 / अगस्त / 2025 : बुलंदशहर में एकल विद्यालय अभियान के संभाग पश्चिम उत्तर प्रदेश के भाग गढ़गंगा अंचल और राष्ट्र चेतना मिशन के संयुक्त तत्वावधान में रक्षाबंधन का विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन की महिला कार्यकर्ताओं ने बुलंदशहर कोतवाली नगर क्षेत्र में कार्यरत पुलिसकर्मियों को राखी बांधी।कार्यक्रम में संगठन की सेवाव्रती महिलाओं ने पुलिस चौकी जज कंपाउंड के प्रभारी जितेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों को तिलक लगाया। एसआई आनंद कुमार, एसआई हर्षित गर्ग, हैड कांस्टेबल शाहिद मंसूर, मोहित कुमार और होमगार्ड अशोक कुमार शर्मा की कलाई पर राखी बांधी गई। इसके बाद सभी को मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की गई। एकल अभियान अंचल बुलंदशहर के जिलाध्यक्ष रवि कुमार सिंह ने समाज की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के परिश्रम को नमन किया। उन्होंने एकल विद्यालय अभियान द्वारा ग्रामीण और अभावग्रस्त क्षेत्रों में चलाए जा रहे शिक्षा और संस्कार के प्रसार कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमंत सिंह ने कहा कि वे हर वर्ष रक्षाबंधन पर समाज के वास्तविक रक्षक पुलिसकर्मियों को राखी बांधते हैं। उन्होंने नागरिकों की सेवा के प्रति पुलिसकर्मियों के समर्पण की सराहना की और पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में एकल अभियान अंचल अभियान प्रमुख कृष्ण कुमार, अंचल प्रशिक्षण बहन सुनीता और गतिविधि प्रमुख मीनू उपस्थित थीं। इसके अलावा संच प्रशिक्षक बीना, राष्ट्र चेतना मिशन के नगर विद्यार्थी प्रमुख देवेश शर्मा, कोमल, अनुराधा, संजना और सीमा शर्मा भी मौजूद रहीं।


![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












