बुलंदशहर : 7 / अगस्त / 2025 : अनूपशहर ब्लॉक क्षेत्र के गांव रुढ बांगर में सहायक शिक्षिका बबली तंवर की करंट लगने से मौत हो गई है। वह स्कूल में 15 अगस्त की तैयारी के दौरान म्यूजिक सिस्टम को चार्ज पर लगाने गई थीं। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। शिक्षिका की चीख सुनकर विद्यालय का स्टाफ मौके पर पहुंचा। आनन-फानन में तत्काल सरकारी अस्पताल अनूपशहर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी अनूपशहर दीपक कुमार, तहसीलदार अनूपशहर संजय सिंह, नायब तहसीलदार खुशबू सिंह और कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। मृतका की मां भी घटनास्थल पर पहुंच गई, बेटी की मौत की खबर स्तब्ध मां की हालत बेहद दयनीय थी। बबली तवंर मूल रूप से मोदीपुरम मेरठ की रहने वाली थीं और वर्तमान में रूकमणि विहार कॉलोनी अनूपशहर में रहती थीं। उनके पति गाजियाबाद के एक डिग्री कॉलेज में बाबू के पद पर कार्यरत हैं। स्कूल स्टाफ के अनुसार, बबली का दो साल पहले ही अनूपशहर में ट्रांसफर हुआ था। वह 2015 बैच की शिक्षिका थीं। खंड शिक्षा अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि नियमानुसार विभाग द्वारा मृतका के परिवार को सहायता प्रदान की जाएगी। तहसीलदार संजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हल्का लेखपाल द्वारा आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार कर दी गई है।


![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












