गाजियाबाद : 11 / मार्च / 2026 : गाजियाबाद के थाना क्रोसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में बीती रात पुलिस और गौकशी करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि तीन अन्य आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूरी कार्रवाई वेवसिटी की सहायक पुलिस आयुक्त प्रियाश्री पाल के नेतृत्व में की गई, जिनकी सख्ती और तत्परता के चलते गिरोह पुलिस के शिकंजे में आ गया। पुलिस के अनुसार दिनांक 11.03.2026 की रात्रि करीब 12:30 बजे थाना क्रोसिंग रिपब्लिक को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि 03 मार्च 2026 को गौकशी की घटना को अंजाम देने वाला वही गिरोह दोबारा सक्रिय हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एबीईएस कट और चिपियाना अंडरपास समेत तीन स्थानों पर चेकिंग पॉइंट बनाकर पुलिस बल तैनात कर दिया।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक होंडा सिटी कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने गाड़ी को पीछे मोड़कर चिपियाना अंडरपास की ओर भागने की कोशिश की। वहां पुलिस बल को देखकर बदमाशों ने गाड़ी को कच्चे रास्ते पर उतारकर भागने का प्रयास किया। पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें मारुफ और अयान नाम के दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। वहीं उनके तीन अन्य साथी जोहिन, आलम और समीर को पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, खोखा, जिंदा कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कुछ दिन पहले वेवसिटी और विजयनगर थाना क्षेत्र में भी एक-एक गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। घायल आरोपियों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है तथा सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई पर सहायक पुलिस आयुक्त वेवसिटी श्रीमती प्रियाश्री पाल ने बताया कि गौकशी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












