बुलन्दशहर : 7 / अप्रैल / 2026 : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद् मदनपाल शर्मा (90 वर्ष) की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वह डिस्ट्रिक्ट बार के सम्मानित अधिवक्ता सुनील कुमार शर्मा के पिता थे।
मदनपाल शर्मा का जीवन समाज एवं राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में बाल स्वयंसेवक के रूप में कार्य प्रारंभ किया और नगर कार्यवाह सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। आपातकाल के दौरान उन्होंने जनपद बुलंदशहर में पहली गिरफ्तारी दी और 18 माह तक कारावास भोगा।

इसके अलावा उन्होंने जिला कार्यवाह, विभाग कार्यवाह तथा मेरठ/ब्रज प्रांत के बौद्धिक प्रमुख जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। भारतीय जनता पार्टी के गठन के समय वे बुलंदशहर के प्रथम जिला अध्यक्ष रहे।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। वे भारतीय शिक्षा समिति (विद्या भारती) पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष तथा एन.ए.एस. कॉलेज, मेरठ के प्राचार्य रहे।
उनके निधन पर विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं राजनीतिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












