छात्रा के साथ हुई अमानवीय घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया – कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिद्धार्थनगर नूरुल खाँ

सिद्धार्थनगर / ०१ जून २०२६। महोबा जनपद में एक छात्रा के साथ हुई अमानवीय घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। छात्रा का अपहरण कर उसे 16 दिनों तक बन्धक बनाकर रखा गया, उसके साथ न केवल दुष्कर्म किया गया बल्कि उसके साथ नरभक्षीय और हैवानियत की सारी हदें पार कर देने वाला व्यवहार किया गया। इतनी भयावह घटना के बावजूद प्रदेश सरकार का कोई भी प्रतिनिधि पीड़िता और उसके परिवार का दुख साझा करने नहीं पहुंचा। उक्त बातें जिला कांग्रेस कमेटी सिद्धार्थनगर के जिला अध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने शुक्रवार को डुमरियागंज में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पीड़िता के घर जाकर उसका दुख बांटने और न्याय की आवाज बुलन्द करने निकले तो सरकार ने उन्हें रोकने की हरसम्भव कोशिश की।

लेकिन तमाम बाधाओं के बावजूद अजय राय पीड़िता के घर पहुंचे और परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया। काजी सुहेल अहमद ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो सरकार स्वयं पीड़िता के प्रति संवेदना नहीं रखती, वही सरकार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के मानवीय कदम से इतनी घबरा गई कि पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनके खिलाफ धरना-प्रदर्शन कराये जाने लगे। इतना ही नहीं, सरकार के मंत्री और विधायक भी खुलकर विरोध में उतर आये और बौखलाहट में अजय राय की सम्पत्ति की जांच की मांग करने लगे। उन्होंने कहा कि यह बेहद हास्यास्पद है कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी भाजपा सरकार कांग्रेस नेताओं पर उंगली उठा रही है। वहीं श्री अजय राय जी का सार्वजनिक जीवन किसी खुली किताब की तरह पारदर्शी है। दूसरी ओर भाजपा सरकार के शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। हाल ही में आगरा नगर निगम द्वारा निजी बिजली कंपनी टोरेंट के 430 करोड़ रुपये माफ किये जाने का मामला इसका ताजा उदाहरण है। भाजपा सरकार “काम लो, चन्दा दो” और ईडी-आयकर के छापों के जरिए राजनीतिक वसूली की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में मिड-डे-मील से लेकर सड़क निर्माण, अस्पतालों की दवाइयों से लेकर मनरेगा तक हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है। यहां तक कि प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या को भी नहीं छोड़ा गया। मंदिर निर्माण और विकास कार्यों के नाम पर जिस प्रकार धन उगाही और भ्रष्टाचार हुआ है, वह पूरे देश के सामने है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि हम राहुल गांधी जी की विचारधारा के सिपाही हैं और सार्वजनिक जीवन में पूरी पारदर्शिता एवं सुचिता में विश्वास रखते हैं। हमारी किसी भी एजेंसी से जांच करा ली जाए, हमें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन शर्त यह है कि उन्हीं एजेंसियों से भाजपा सरकार के मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की भी जांच कराई जायें, ताकि पिछले नौ वर्षों में हुई लूट और भ्रष्टाचार का सच जनता के सामने आ सके।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई लगातार जारी रखेगी तथा पीड़ितों की आवाज बनकर हर मंच पर संघर्ष करती रहेगी। पत्रकार वार्ता के दौरान जिला उपाध्यक्ष अशोक गुप्ता, कोषाध्यक्ष रियाज मनिहार, महासचिव आसिफ रिज्वी, ब्लाक अध्यक्ष मुकेश चौबे, अर्जुन कन्नौजिया भी उपस्थित रहें।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment