बुलंदशहर : 13 / जून / 2026 : प्रस्तावित कूड़ा निस्तारण प्लांट के विरोध में ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और मौके पर पहुंचे अधिकारियों को घेर लिया। महिलाओं और युवाओं ने प्लांट लगाए जाने का विरोध करते हुए चेतावनी दी कि घनी आबादी के पास कूड़ा निस्तारण केंद्र बनने से गंदगी, बदबू और बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा।
विरोध के दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही। ग्रामीणों का कहना था कि आबादी के नजदीक प्लांट स्थापित करना जनहित के खिलाफ है और इससे लोगों का जीवन प्रभावित होगा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार, पालिका के ईओ तथा चोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि वे अपनी समस्या को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे और प्लांट के विरोध को जारी रखेंगे।
कूड़ा डंपिंग ग्राउंड को लेकर पालिका की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। सवाल यह बना हुआ है कि शहर के कूड़े का निस्तारण आखिर कहां किया जाए। फिलहाल प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सहमति नहीं बन सकी है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










